राज्यपाल से लैक्रोज खिलाड़ियों की मुलाकात, राज्य खेल में शामिल करने की पहल
जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से मंगलवार को लोकभवन में लैक्रोज खेल के खिलाड़ियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। खिलाड़ियों ने राज्यपाल द्वारा अपने विवेकाधीन कोटे से लैक्रोज खेल के प्रोत्साहन के लिए प्रदान की गई वित्तीय सहायता के लिए आभार व्यक्त किया और इस खेल में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन की जानकारी दी।
राज्यपाल ने कहा कि लैक्रोज को राज्य खेल में सम्मिलित किए जाने और जनजातीय विभाग के अंतर्गत इसके प्रोत्साहन के लिए विशेष प्रावधान किए जाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्यपाल ने उन्हें 2028 ओलंपिक में भारत के लिए इस खेल में स्वर्ण पदक हासिल करने का लक्ष्य अभी से निर्धारित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल के साथ-साथ पढ़ाई को भी प्राथमिकता दें और निरंतर अभ्यास, चपलता तथा एकाग्रता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। साथ ही अप्रैल में चीन में आयोजित होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा, राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, खेल संघ अध्यक्ष अशोक परनामी और प्रज्ञा केवलरमानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की टीम द्वारा स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि की भी सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित