डंपर के पहियों के नीचे आया मजदूर, मौके पर मौत; मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम

 


झुंझुनूं, 27 अगस्त (हि.स.)। सीकर-कोटपुतली स्टेट हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। चिराना क्षेत्र में बाग बस स्टैंड के आगे ढाकला की ढाणी निवासी शंकरलाल सैनी पुत्र गोविंद सैनी अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि डंपर के दोनों पहिए उनके सिर के ऊपर से गुजर गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना के बाद काफी देर तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मुख्य स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को चिराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

पोस्टमार्टम को लेकर भी परिजनों और समाज के लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि जब तक उचित मुआवजे और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शंकरलाल सैनी मजदूरी का काम करते थे। परिवार के भरण-पोषण के लिए वे लोहार्गल में कुल्फी की रेहड़ी भी लगाते थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शाम को नवलगढ़ उपखंड अधिकारी प्रांजल कंवर दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण करने के साथ मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

एसडीएम ने सड़क की स्थिति और हादसे के कारणों का जायजा लिया तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने सड़क के दोनों ओर जमा मिट्टी के ढेर को गंभीरता से लेते हुए इसे गलत बताया और संबंधित अधिकारियों को इन्हें हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के दोनों ओर जल्द फुटपाथ विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकारी नियमों के तहत हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित