अप्रैल से विद्यालयों में उपलब्ध होगी प्रयोगशाला सामग्री

 


जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने विधानसभा में घोषणा की है कि प्रदेश के विद्यालयों में एक अप्रैल 2026 से प्रयोगशाला सामग्री उपलब्ध कराना शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां पीएबी से राशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। साथ ही रिक्त पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक अर्जुन लाल द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि विद्यालयों के क्रमोन्नयन के स्पष्ट मानदंड निर्धारित हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च स्तर पर क्रमोन्नत करने के लिए कक्षा 8 में न्यूनतम 30 विद्यार्थियों का नामांकन, गांव की जनसंख्या कम से कम 1500 तथा 5 किलोमीटर की परिधि में अन्य उच्च माध्यमिक विद्यालय का न होना आवश्यक है। इन्हीं मानकों के आधार पर नए विद्यालयों एवं क्रमोन्नयन के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में स्टाफिंग पैटर्न पूर्ण कर दिया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बिलाड़ा में पिछले दो वर्षों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुजरों व देवासियों की ढाणी, देव नगर (ब्लॉक बिलाड़ा) को उच्च प्राथमिक स्तर पर क्रमोन्नत किया गया है। हालांकि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बिलाड़ा क्षेत्र में इस अवधि में किसी उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत नहीं किया गया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राउमावि पिचियाक में कला संकाय तथा राउमावि पालासनी में विज्ञान संकाय स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खारिया मीठापुर, भटिण्डाल, बीसलपुर और तिलवासनी में विज्ञान संकाय की स्वीकृति दी गई है। इन विद्यालयों में भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान एवं गणित विषयों के 4-4 पद स्वीकृत किए गए हैं। तिलवासनी विद्यालय में जीव विज्ञान व्याख्याता का एक पद भर दिया गया है।

देवनगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुल 5 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 2 कार्यरत हैं तथा 3 पद रिक्त हैं। राउमावि पिचियाक एवं पालासनी में व्याख्याता के 6 पद और 1 प्रयोगशाला सहायक का पद स्वीकृत करने की प्रक्रिया जारी है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा विभाग में सीधी भर्ती-2022 के तहत 48 हजार पदों पर विज्ञप्ति जारी की गई थी, जिनमें से 45 हजार 895 पदों पर जिला आवंटन किया जा चुका है। शेष अभ्यर्थियों की अनुशंसा प्राप्त होते ही नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग में 11 जुलाई 2024 की विज्ञप्ति के अंतर्गत शेष पदों पर चयन उपरांत पदस्थापन की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, प्रयोगशाला सुविधाएं उपलब्ध कराने और रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित