क्षत्रिय करणी सेना 20 सितंबर को जंतर-मंतर पर करेगी प्रदर्शन
जोधपुर, 07 सितम्बर (हि.स.)। यूजीसी नियमों को रोलबैक करने के लिए क्षत्रिय करणी सेना 20 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। इसमें कई संगठन भी शामिल होंगे। यूजीसी रोल बैक के साथ ही आरक्षण की समीक्षा की भी मांग होगी।
क्षत्रिय करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने बताया कि अभी यूजीसी के प्रावधानों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक है, लेकिन इनका वापस होना जरूरी है। इसके लिए हम लगातार लोगों के बीच जा रहे हैं। बीस सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होगा। इसमें भाजपा की केंद्र सरकार से प्रावधान वापस लेने और आरक्षण की समीक्षा की मांग रखेंगे। उन्होंने दावा कि यूजीसी के प्रावधानों में सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। अगर कोई छात्र के खिलाफ कार्रवाई हुई तो उसकी सुनवाई में कोई सवर्ण वर्ग का व्यक्ति नहीं होगा। इतना ही नहीं जिसने शिकायत की है उसका नाम भी गुप्त रखा जाएगा। ऐसे कानून का गलत फायदा उठाया जाएगा।
शेखावत ने बताया कि हम लगातार इस मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। मार्च में पंचायत भी की थी। अब हम 20 सितंबर के लिए दिल्ली के आसपास के सवर्ण बाहुल्य क्षेत्रों में संपर्क कर रहे हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस आंदोलन में शामिल हो सकें। उन्होंने बताया कि हमने यूजीसी रेगुलेशन 2026 के विरोध में 15 हजार किलोमीटर की जनजागरण यात्रा की है। यह यात्रा 23 अगस्त को दिल्ली में खत्म हुई थी। पांच अगस्त से शुरू हुई यह जनजागरण वाहन यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के कई जिलों में गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश