क्रीड़ा भारती का कबड्डी खेल अभियान बना जन-जन का पर्व
जोधपुर, 09 मई (हि.स.)। क्रीड़ा भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित खेल कबड्डी खेल अभियान के अंतर्गत जोधपुर महानगर में आयोजित हो रही कबड्डी प्रतियोगिताएं अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही हैं। शहर के विभिन्न मैदानों में लगातार आयोजित हो रहे मुकाबलों में बच्चों, युवाओं एवं महिला खिलाडिय़ों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
यह आयोजन अब केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहकर एक खेल पर्व का रूप ले चुका है, जिसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और पारंपरिक खेल कबड्डी को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत अब तक 300 से अधिक टीमों के करीब 5000 प्रतिभागी अपनी सहभागिता दर्ज करा चुके हैं।
क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने हेतु देशभर में जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय खेलों को विश्व मंच तक पहुंचाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। शनिवार को आदर्श डिफेंस एंड स्पोर्ट्स एकेडमी में करीब 30 टीमों ने भाग लिया।
खिलाडिय़ों के बीच हुए रोमांचक एवं संघर्षपूर्ण मुकाबलों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। पुरुष एवं महिला वर्ग की टीमों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महानगर सचिव नीरज कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम में आरएसएस प्रांत के बौद्धिक प्रमुख शम्भु सिंह चारण, क्रीड़ा भारती प्रांत अध्यक्ष पृथ्वी राज जोधा, सचिव ओमप्रकाश पुरोहित सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश