पश्चिम मध्य रेलवे में पूर्व सैनिकों की रेल संरक्षा में भागीदारी — कोटा मंडल ने किया ऐतिहासिक एमओयू

 


काेटा, 21 अप्रैल (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कोटा रेल मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे एवं आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन के मध्य मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के अंतर्गत कोटा रेल मंडल के विभिन्न स्थानों पर पॉइंट्समैन के रूप में पूर्व सैनिकों को नियोजित किया जाएगा। यह पश्चिम मध्य रेलवे में पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में नियोजित करने हेतु संपन्न दूसरा एमओयू है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस एमओयू के माध्यम से कुल 31 पॉइंट्समैन पदों पर पूर्व सैनिकों की तैनाती प्रस्तावित है। भौतिक तैनाती की प्रक्रिया आगामी 15 दिनों के भीतर प्रारंभ की जाएगी। पूर्व सैनिकों का अनुशासन, अनुभव एवं कर्तव्यनिष्ठा रेल संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

समझौता ज्ञापन पर कोटा रेल मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा ने हस्ताक्षर किए। आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से कर्नल मुकेश तिवारी (सेवानिवृत्त) ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह समझौता दोनों संगठनों के बीच दीर्घकालिक एवं फलदायी सहयोग की शुरुआत का प्रतीक है। इससे रेल परिचालन की सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव