कोटा रेल मंडल शिकायत निपटान में पश्चिम मध्य रेलवे में अव्वल

 


कोटा, 22 अप्रैल (हि.स.)। ट्रेन में गंदगी हो, खाने में शिकायत हो, बिस्तर न मिला हो या फिर कोई परेशान कर रहा हो। अब यात्री को चुप रहने की जरूरत नहीं। बस एक कॉल, एक मैसेज या एक क्लिक और कोटा मंडल का वॉर रूम तुरंत हरकत में आ जाता है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के नेतृत्व में ''रेल मदद'' पोर्टल एवं एप के जरिए कोटा मंडल में 24 घंटे, सातों दिन यात्री शिकायत निपटान की यह व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 (अप्रैल 2025 से मार्च 2026) में कोटा मंडल को ''रेल मदद'' पोर्टल पर कुल 18,515 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन सभी शिकायतों का निपटारा औसतन मात्र 17 मिनट के भीतर शत-प्रतिशत किया गया। पिछले वर्ष 2024-25 में यही औसत समय 25 मिनट था, जो अब घटकर 17 मिनट पर आ गया है यानी 32 प्रतिशत का सुधार। यह आंकड़ा पश्चिम मध्य रेलवे के सभी मंडलों में सर्वश्रेष्ठ है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्री हेल्पलाइन नंबर 139, ''रेल मदद'' एप, वेबसाइट या सोशल मीडिया, किसी भी माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सभी माध्यमों को एक ही पोर्टल से जोड़ा गया है, इसलिए शिकायत चाहे कहीं से भी आए, वह वॉर रूम तक तुरंत पहुंचती है और संबंधित विभाग को तत्काल भेज दी जाती है। शिकायत का समाधान होने के बाद यात्री को सूचित कर उनका फीडबैक भी लिया जाता है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 18,515 शिकायतों में से 14,624 यात्रियों ने फीडबैक दिया, जिनमें से 89.98 प्रतिशत ने सेवा को उत्कृष्ट एवं संतोषजनक बताया। वर्ष 2024-25 की तुलना में फीडबैक देने वाले यात्रियों का प्रतिशत भी 67.71 से बढ़कर 78.98 हो गया यानी अब अधिक यात्री रेलवे पर भरोसा जता रहे हैं। असंतोषजनक फीडबैक का प्रतिशत भी 11.88 से घटकर 10.02 पर आ गया है।

16 जून 2024 को स्थापना के बाद से अब तक वॉर रूम के माध्यम से कुल 48,146 शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान किया जा चुका है। वाणिज्य, विद्युत, सी एंड डब्ल्यू, रेलवे सुरक्षा बल सहित सभी विभाग इस प्रक्रिया में कंधे से कंधा मिलाकर चौबीस घंटे यात्री सेवा में तत्पर रहते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने वॉर रूम टीम एवं सभी संबंधित विभागों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत ''रेल मदद'' एप या हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराएं आपकी समस्या का समाधान हमारी जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव