स्टेशनों पर पेयजल की गुणवत्ता पर कोटा मंडल की सतत निगरानी

 


काेटा, 30 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कोटा मंडल में पेयजल व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। इसके तहत केवल पानी की गुणवत्ता की जांच ही नहीं, बल्कि टंकियों की नियमित सफाई, नलों एवं वाटर बूथों का रखरखाव और पाइपलाइन में आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मंडल के 82 रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था की निगरानी के क्रम में विभिन्न स्थानों से 75 जल नमूने लेकर निर्धारित मानकों के अनुसार उनकी जांच की गई। जांच में सभी नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए।

स्टेशनों पर पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए 389 पानी की टंकियों की सफाई की गई। इसके साथ ही यात्रियों के सीधे उपयोग में आने वाले 246 नलों एवं वाटर बूथों की सफाई एवं रखरखाव किया गया। पानी की आपूर्ति में बाधा न आए, इसके लिए 41 स्थानों पर पाइपलाइन की मरम्मत अथवा आवश्यक बदलाव भी किए गए। पेयजल व्यवस्था से जुड़े इन कार्यों में विभिन्न स्तरों पर 90 मानवबल लगाया गया। स्टेशन स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव के माध्यम से पानी की उपलब्धता और गुणवत्ता दोनों पर ध्यान दिया जा रहा है।

रेल प्रशासन द्वारा पेयजल व्यवस्था की यह निगरानी आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध होता रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव