कोटा मंडल को मिली नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात : प्रयागराज–उधना के बीच 24 अगस्त से शुरू होगी

 


काेटा, 19 अगस्त (हि.स.)। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए गाड़ी संख्या 04125/04126 प्रयागराज–उधना स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 20437/20438 प्रयागराज–उधना–प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में साप्ताहिक संचालित होगी।

इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से कोटा मंडल के बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी एवं भवानी मंडी स्टेशनों के यात्रियों को प्रयागराज, उधना एवं मार्ग के प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

गाड़ी संख्या 20437 प्रयागराज–उधना अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 24 अगस्त 2026 से प्रत्येक सोमवार को प्रयागराज से होगा। यह ट्रेन प्रयागराज से प्रातः 05:20 बजे रवाना होकर बयाना जंक्शन 14:43 बजे, हिंडौन सिटी 15:03 बजे, गंगापुर सिटी 15:40 बजे, सवाई माधोपुर 16:28 बजे, कोटा जंक्शन 17:40 बजे, रामगंज मंडी जंक्शन 18:33 बजे तथा भवानी मंडी 18:53 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह मार्ग के अन्य स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन प्रातः 04:05 बजे उधना स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 20438 उधना–प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 25 अगस्त 2026 से प्रत्येक मंगलवार को उधना से होगा। यह ट्रेन उधना से प्रातः 06:45 बजे रवाना होकर भवानी मंडी 14:48 बजे, रामगंज मंडी जंक्शन 15:05 बजे, कोटा जंक्शन 16:20 बजे, सवाई माधोपुर 17:43 बजे, गंगापुर सिटी 18:25 बजे, हिंडौन सिटी 19:03 बजे तथा बयाना जंक्शन 20:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद मार्ग के अन्य स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन प्रातः 07:30 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला जंक्शन, आगरा ईदगाह जंक्शन, बयाना जंक्शन, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा जंक्शन, रामगंज मंडी जंक्शन, भवानी मंडी, नागदा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, गोधरा जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, सूरत एवं उधना स्टेशनों पर ठहरेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक / जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा साैरभ जैन के अनुसार यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति, समय एवं ठहराव की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट रेलवे पूछताछ वेबसाइट अथवा एनटीईएस (National Train Enquiry System) मोबाइल ऐप का उपयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव