कोटा मंडल ने लगातार दूसरे दिन हासिल किया 100% समयपालन : मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन
काेटा, 21 अगस्त (हि.स.)। कोटा मंडल ने समयपालन के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए 20 अगस्त 2026 को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया। इससे पहले 19 अगस्त 2026 को भी मंडल ने मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन के साथ भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अगस्त माह में यह मंडल की चौथी और वित्तीय वर्ष 2026-27 में 8वीं बार 100 प्रतिशत समयपालन की उपलब्धि है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में इससे पहले कोटा मंडल ने 04 मई, 05 मई, 27 मई, 29 जून, 08 अगस्त, 13 अगस्त और 19 अगस्त 2026 को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया था। इनमें 04 मई, 08 अगस्त, 13 अगस्त और 19 अगस्त को मंडल भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा। 20 अगस्त की उपलब्धि के साथ मंडल ने लगातार दूसरे दिन 100 प्रतिशत समयपालन का प्रदर्शन किया।
कोटा मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने समयपालन में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए मंडल की परिचालन टीम के प्रयासों की सराहना की। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में ट्रेनों के संचालन की अग्रिम योजना, वास्तविक समय में निगरानी और विभिन्न स्तरों पर त्वरित निर्णय लेने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे गाड़ियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक ठहराव से बचने में मदद मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव