खोले के हनुमानजी मंदिर में लक्खी अन्नकूट महोत्सव रविवार को

 








जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। खोले के हनुमानजी मंदिर में रविवार को 66वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए 61 भट्टियों और 22 चूल्हों पर 500 से अधिक हलवाई दिन-रात प्रसादी तैयार कर रहे हैं। करीब 75 टन प्रसादी बनाने की तैयारी है। मंदिर परिसर में 13 खंड बनाए गए हैं, जहां एक साथ करीब 10 हजार श्रद्धालु पंगत में बैठकर भोजन कर सकेंगे। प्रसादी वितरण दोपहर 12:30 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। आयोजन में करीब 5 हजार कार्यकर्ता और श्रद्धालु व्यवस्थाओं में सेवाएं देंगे।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि सुबह 11:30 बजे संत-महंतों की मौजूदगी में हनुमानजी के अन्नकूट भोग की सामूहिक आरती होगी। इससे पहले सुबह 11 बजे महाआरती और 56 भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन में शहर के संत-महंतों को आमंत्रित किया गया है। मंदिर में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार खाद्य सामग्री दान कर रहे हैं। आसपास की मंडियों से ट्रकों में हजारों क्विंटल सब्जियां मंगवाई जा रही हैं। भोजन लकड़ी की आंच पर तैयार होगा। इसके लिए जमवारामगढ़ से 25 से 26 गाड़ियां लकड़ी लाई जाएंगी।

अन्नकूट के लिए तैयार की जा रही प्रत्येक भट्ठी करीब 8 फीट ऊंची है और इसे बनाने में लगभग एक हजार ईंटें लगी हैं। एक भट्ठी पर एक बार में करीब दो क्विंटल लकड़ी जलाई जा सकती है। भोजन में मूंग, चोला, बाजरा, चावल, कढ़ी, गट्टे की सब्जी, पकौड़ी, सूजी का हलवा और मिक्स सब्जी शामिल होगी। इसके लिए करीब 50 क्विंटल बाजरा, 100 क्विंटल मूंग, 100 क्विंटल चोला, 150 क्विंटल चावल, 50 क्विंटल सूजी और 100 क्विंटल बेसन की जरूरत होगी। इसके अलावा करीब 60 क्विंटल चीनी और 13 क्विंटल गुड़ इस्तेमाल किया जाएगा।

मिक्स सब्जी में आलू, गोभी, मूली, गाजर, बैंगन, पत्ता गोभी, मोगरी, ग्वार फली, पालक, शकरकंद, लौकी और टमाटर सहित 20 से 25 तरह की सब्जियां मिलाई जाएंगी। सब्जियों की कटाई के लिए करीब 50 श्रमिक लगाए गए हैं। कढ़ी बनाने के लिए 20 बड़ी कड़ाहियों का इस्तेमाल होगा। एक कड़ाही में करीब 10 हजार लोगों के लिए कढ़ी तैयार की जाएगी। इसके लिए लगभग 10 क्विंटल बेसन और 40 क्विंटल दही लगेगा।

भगवान को अर्पित करने के लिए 80 से 85 तरह की मिठाइयां और नमकीन तैयार की जा रही हैं। इनमें करीब 10 क्विंटल लड्डू, 15 क्विंटल नमकीन, 5 क्विंटल पेठा, 4 क्विंटल मठरी, 2 क्विंटल मक्खन बड़े और एक क्विंटल मूंगथाल शामिल हैं। इसके अलावा बंगाली और मावे की मिठाइयां, मूंग के लड्डू, मीठी और नमकीन पूरी भी बनाई जा रही हैं।

मंदिर परिसर के 61 देवालयों में अन्नकूट और छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। आसपास के 61 मंदिरों में भी मूंग, मोठ, बाजरा, चावल, मिक्स सब्जी और पूड़ी सहित व्यंजनों का भोग लगेगा। मंदिर परिसर के पास स्थित हड्डीशाह बाबा की मजार पर भी छप्पन भोग अर्पित कर चादर चढ़ाई जाएगी। इस बार बाबा केदारनाथ की बर्फ की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। फल-सब्जियों, अन्न, लड्डुओं और छप्पन भोग की झांकियां भी सजाई जाएंगी।

खोले के हनुमानजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1971 में करीब ढाई किलो अनाज से हुई थी। समय के साथ श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ती गई और यह आयोजन लक्खी महोत्सव में बदल गया। वर्ष 2017 में सीमित समय में 1.25 लाख श्रद्धालुओं द्वारा अनुशासित तरीके से प्रसादी ग्रहण करने का कीर्तिमान गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था। आयोजन की परंपरा के अनुसार जाति, धर्म और पद का भेद किए बिना सभी श्रद्धालु एक ही पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण करते हैं।

रविवार को सुबह हनुमानजी का अभिषेक, चोला धारण, शृंगार और भोग के साथ कार्यक्रम शुरू होंगे। सुबह 9 से 10 बजे तक वेद विद्यालय के विद्यार्थी वेदपाठ करेंगे। 10 से दोपहर 1 बजे तक हरिनाम संकीर्तन और 11 बजे से सुंदर बैंड की प्रस्तुति होगी। दोपहर 12:30 बजे से प्रसादी वितरण शुरू होगा। इसके साथ दोपहर और शाम को भजन संध्या तथा जागरण मंडल की प्रस्तुतियां होंगी। मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न समितियां व्यवस्थाएं संभाल रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश