खोले के हनुमान मंदिर में दीपोत्सव की धूम: 51 किलो दूध से होगा बजरंगबली का अभिषेक
जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। श्री खोले के हनुमान मंदिर में दीपोत्सव के पावन पर्व पर धार्मिक आयोजनों की धूम रहेगी। श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि 6 नवंबर को शाम साढ़े 6 बजे मंदिर परिसर में कुबेर एवं भगवान धन्वंतरि का पूजन किया जाएगा। इस दौरान परिसर में संचालित औषधालय में धन्वन्तरि महाराज की पूजा-अर्चना कर जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण होगा।
उत्सव की अगली कड़ी में 7 नवंबर शनिवार को रूप चतुर्दशी पर विशेष अनुष्ठान होंगे। शाम 4 बजे श्री हनुमान जी महाराज का गंगाजल से स्नान कराकर 51 किलो दूध से दुग्धाभिषेक किया जाएगा और सिंदूर का चोला चढ़ाया जाएगा। भक्तों द्वारा लाई गई नई पोशाकें ठाकुरजी को धारण करवाई जाएंगी। शाम 7 बजे हनुमान जी को चांदी की मनमोहक पोशाक पहनाकर भव्य फूल बंगले की झांकी सजाई जाएगी। इसके बाद रात्रि साढ़े 11 बजे नए अनाज ,बाजरा, मूंग, चौला और छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित कर महाआरती की जाएगी।
दीपावली के इस विशेष अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी आधुनिक लाइटों, आकर्षक रोशनी और 5100 मिट्टी के दीपकों से अलौकिक रूप से सजाया जाएगा। दीपावली की शाम को माँ लक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन और भव्य आतिशबाजी होगी। इसके पश्चात 10 नवंबर मंगलवार को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर बुधवार को भाईदूज का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश