खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 को लेकर बीकानेर में जबरदस्त उत्साह, 18 खेलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

 


बीकानेर, 09 जुलाई (हि.स.)। मरुस्थलीय क्षेत्र के सबसे बड़े खेल महोत्सव 'खेलेगा बीकानेर–बढ़ेगा बीकानेर' की थीम पर आयोजित होने वाले खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 का आयोजन 13 से 17 जुलाई तक जिले के विभिन्न खेल मैदानों और खेल परिसरों में होगा। नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस पांच दिवसीय खेल महोत्सव में इस बार 18 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजकों के अनुसार हजारों खिलाड़ी, तकनीकी अधिकारी, वालंटियर्स और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की भागीदारी रहेगी।

आयोजन समिति ने बताया कि पिछले दो सफल संस्करणों के बाद खेलो बीकानेर यूथ गेम्स अब राजस्थान के प्रमुख क्षेत्रीय मल्टी स्पोर्ट्स आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। प्रतियोगिताओं में बीकानेर शहर के साथ श्रीडूंगरगढ़, नोखा, कोलायत, लूणकरणसर, खाजूवाला तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। पिछले दो संस्करणों से कई खिलाड़ियों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक तथा खिलाड़ियों के अनुकूल बनाया गया है।

सहसंयोजक अनिल जोशी ने बताया कि इस बार तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, क्रिकेट, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, शूटिंग, स्केटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, योग और कुडो सहित कुल 18 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी मुकाबले संबंधित खेल महासंघों के नियमों के अनुसार होंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा रहा है।

फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स जिले के युवाओं के लिए प्रतिभा प्रदर्शन का बड़ा मंच बन चुका है। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी अवसर से वंचित न रहे। विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, वालंटियर्स तथा खेलों के विकास में योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन 13 जुलाई को पुष्करणा स्टेडियम में होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल जगत की हस्तियां, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी शामिल होंगे।

आयोजन समिति के सहसंयोजक ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि सभी 18 खेलों के संचालन के लिए अलग-अलग तकनीकी समितियों का गठन किया गया है। आयोजन के सुचारू संचालन, खिलाड़ियों के समन्वय, तकनीकी व्यवस्था, मीडिया प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समिति में अविनाश मोदी, दीपक अग्रवाल, सुनीत गांधी, देवकिशन चांडक, विनोद बाफना, रामरतन धारणिया, सुमति सुराणा, पं. प्रदीप किराडू, राजेश पारिक, पिंटू राठी, प्रमोद आचार्य और मधु खत्री सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

पूजा आचार्य ने बताया कि विभिन्न खेलों के संचालन के लिए शंकर बोहरा, भुवनेश पुरोहित, आशीष ओझा, अनिल कुमावत, हर्षित स्वामी, राहुल खत्री, नवरत्न रंगा, सीमा सोनी, गणेश पुरोहित, कैलाश प्रजापत, प्रीतम सेन, दीपांशु व्यास और विनय बिस्सा को खेल प्रभारी बनाया गया है। सभी प्रभारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार इस बार पूरे महोत्सव का व्यापक प्रचार डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए किया जाएगा, ताकि प्रतियोगिताओं की जानकारी और परिणाम अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें। फाउंडेशन ने जिले के खिलाड़ियों, खेल संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल अकादमियों और अभिभावकों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है। 'खेलेगा बीकानेर–बढ़ेगा बीकानेर' के संकल्प के साथ आयोजित होने वाला यह महोत्सव बीकानेर में खेलों की नई पहचान स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव