खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुनी लक्खी मेले का चौथा दिन, चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 


जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। सीकर जिले स्थित खाटू धाम में आयोजित बाबा श्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले का मंगलवार को चौथा दिन आस्था और उत्साह के बीच मनाया जा रहा है। अब तक करीब चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि आज एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। फिलहाल भीड़ नियंत्रित होने के कारण जिगजैग बैरिकेडिंग नहीं खोली गई है और श्रद्धालुओं को आधे घंटे से भी कम समय में दर्शन हो रहे हैं।

मेले का रंग अब पूरी तरह चढ़ने लगा है। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से खाटू नगरी गुंजायमान है। रींगस, मंढा और पचार की ओर से निशान पदयात्रियों के जत्थे लगातार खाटू की ओर बढ़ रहे हैं। हर उम्र के श्रद्धालु हाथों में पीले निशान थामे, भजनों की धुन पर नाचते-गाते नजर आ रहे हैं। रींगस से खाटू तक अनेक भक्त नंगे पांव पदयात्रा कर रहे हैं। रास्ते में जगह-जगह भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।

मेले के चौथे दिन बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार मेरठ, बंगाल और सूरत से आए देशी व ग्राफ्टेड गुलाबों से किया गया। सफेद वस्त्र पर नीले फूलों की कढ़ाई वाला बागा धारण किए श्याम बाबा का मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहा है।

मंदिर परिसर को लाल, पीले और सफेद कपड़ों से सजाया गया है। लटकती घंटियों की मधुर ध्वनि और थर्माकोल शीट पर गोल्डन गढ़ाई से सुसज्जित परिसर श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

हालांकि प्राइवेट बसों की हड़ताल के कारण लौटने वाले श्रद्धालुओं को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भक्ति और उत्साह में कोई कमी नहीं है। मंगलवार होने के कारण भीड़ सामान्य है, परंतु शाम ढलने के साथ मेले की रौनक और बढ़ने की संभावना है।

मेले के दौरान नवाचार करते हुए सीकर बाल कल्याण समिति की एक न्यायपीठ खाटू में ही बिठाई गई है। समिति के अध्यक्ष अंकुर बहड़ ने बताया कि अब गुमशुदा बच्चों को सीकर ले जाने के बजाय खाटू में ही अभिभावकों की पहचान कर सुपुर्द किया जा सकेगा। इससे पहले इस प्रक्रिया में तीन दिन तक का समय लग जाता था। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भी विशेष प्रबंध किए हैं। रेवाड़ी-सीकर-रेवाड़ी प्रतिदिन संचालित रेल सेवा का विस्तार ढेहर का बालाजी स्टेशन तक किया गया है।

गाड़ी संख्या 54804 रेवाड़ी-ढेहर का बालाजी रेल सेवा 24 से 28 फरवरी तक कुल 5 ट्रिप संचालित की जाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 54803 ढेहर का बालाजी-रेवाड़ी रेल सेवा 25 फरवरी से 1 मार्च तक 5 ट्रिप चलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से हरियाणा और राजस्थान से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा और भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।

फाल्गुनी लक्खी मेला 21 फरवरी से प्रारंभ हुआ है और 28 फरवरी तक चलेगा। जैसे-जैसे मेला आगे बढ़ेगा, खाटू धाम में आस्था, भक्ति और परंपरा का संगम और भी गहराता नजर आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित