नीट-2026 पेपर लीक पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मांगी माफी
झुंझुनूं, 13 मई (हि.स.)। नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने नीट-2026 परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि पेपर लीक की घटना ने मेहनती और ईमानदार छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, जिसके लिए सरकार संवेदनशील है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बलिदान दिवस समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में मंत्री खर्रा ने कहा कि पिछले वर्ष और इस वर्ष नीट परीक्षा का पेपर प्रेस या अन्य माध्यमों से चोरी होने के मामले सामने आए हैं। इस गंभीर प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी गई है। कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और आने वाले समय में और भी दोषियों की गिरफ्तारी की संभावना है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को हुई परेशानी को ध्यान में रखते हुए आगामी दो से तीन माह में नीट परीक्षा पुनः आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा अत्यंत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। दोबारा परीक्षा के लिए पहले से आवेदन कर चुके किसी भी छात्र से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि मेहनती विद्यार्थियों को जो मानसिक, शैक्षणिक और भावनात्मक नुकसान हुआ है, उसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से, साथ ही भारत सरकार और राजस्थान सरकार की ओर से माफी मांगते हैं।
मंत्री खर्रा ने नगर निकायों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल ‘अरबन चैलेंज फंड’ की जानकारी भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नगर निकायों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हुई और वित्तीय कुप्रबंधन के कारण निकायों की आय के स्थायी स्रोत कमजोर पड़ गए।
नई योजना के तहत विकास कार्यों के लिए धनराशि की व्यवस्था इस प्रकार होगी। 25 प्रतिशत राशि भारत सरकार देगी, 25 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी, शेष 50 प्रतिशत राशि हुडको से ऋण के रूप में प्राप्त की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि इस योजना को लेकर भारत सरकार के साथ दो चरणों में उच्च स्तरीय बैठकें हो चुकी हैं और अगस्त तक इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
खर्रा ने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच नगर निकायों की संपत्तियों का अनुचित आवंटन किया गया तथा बजट क्षमता से कई गुना अधिक विकास कार्यों के टेंडर जारी किए गए, जिससे निकायों की आर्थिक स्थिति चरमरा गई।
राजनीतिक नियुक्तियों और पिछड़ा वर्ग आयोग से जुड़े प्रश्नों पर मंत्री ने कहा कि मामला राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। सरकार न्यायालय के फैसले का सम्मान करेगी और उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
झुंझुनूं में आयोजित बलिदान दिवस समारोह में मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अमर शहीद करणीराम रामदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए समाज के प्रति उनके बलिदान को स्मरण किया। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार तथा उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित