पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म, 6 डिग्री तक बढ़ा पारा
जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने लगा है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और धूप खिली। प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन के तापमान में उछाल देखा गया। इससे प्रदेश के शहरों के पारे में 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को आए आंधी-बारिश से खरीफ की फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसल तेज हवा से गिर गई तो वहीं खेतों में कटकर सूखने के लिए पड़ी बाजरे की फसल भीगने से खराब हो गई। मंगलवार को बीकानेर और जयपुर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बीकानेर के लूणकरणसर में 10 और जयपुर के जमवारामगढ़ में 18 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर के दिन के तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी तो वहीं रात के पारे में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में मंगलवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे और धूप खिली। 36.6 डिग्री के साथ जैसलमेर और बाड़मेर का दिन और 28 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। सिरोही के दिन के तापमान में सबसे ज्यादा 6.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम में हुए इस बदलाव से रात में अचानक ठंड बढ़ गई। शेखावाटी एरिया में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। मंगलवार सुबह बारां जिले के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सोमवार को राज्य के सीकर, झुंझुनू, जयपुर, दौसा, भरतपुर, टोंक, करौली, चित्तौडग़ढ़, सवाईमाधोपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, डीडवाना कुचामन जिलों में कही कही हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश जयपुर के फागी में 52 मिलीमीटर दर्ज की गई। अगले दो-तीन दिन में तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 29 सितंबर से विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने तथा शेष अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश