महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक न्याय और शिक्षा की ज्योति जलाई: मुख्यमंत्री

 


दौसा/जयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन समाज के शोषित, वंचित, महिला, किसान और मजदूर वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके मिशन को आगे बढ़ाते हुए देश में सामाजिक समरसता और विकास को नई दिशा दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री शनिवार को बांदीकुई में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 607.66 करोड़ रुपये के 213 विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 अप्रैल से 10 अप्रैल 2027 तक महात्मा फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के रूप में मनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि फुले ने समाज में शिक्षा और समानता की अलख जगाई तथा महिलाओं और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना और जनधन योजना को आमजन के जीवन में बदलाव लाने वाली योजनाएं बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब 9 हजार रुपये सालाना दिए जा रहे हैं तथा गेहूं की खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण देकर 16 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में अब तक 1.25 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं तथा आगामी भर्तियों के लिए भी कैलेंडर जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है और पेपरलीक तथा जेजेएम घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को पर्याप्त बिजली और पानी उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है और सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पशुपालकों के लिए मंगला पशु बीमा योजना, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना और दुग्ध उत्पादक संबल योजना चलाई जा रही है। साथ ही “राइजिंग राजस्थान” के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी परियोजनाओं को मंजूरी इसका उदाहरण है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मंत्री अविनाश गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित