स्कूल कैंटीन में जंक फूड का खेल: बिना लाइसेंस चल रही थी नॉनवेज बेकरी यूनिट

 




जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने गुरूवार को स्कूल कैंटीनों पर कार्रवाई की। सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की खाद्य सुरक्षा टीम ने भांकरोटा स्थित धारव पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की कैंटीन का निरीक्षण किया। कार्रवाई में कैंटीन में विद्यार्थियों को जंक फूड बेचने के साथ ही बिना अलग खाद्य लाइसेंस के बेकरी यूनिट संचालित किए जाने का मामला सामने आया।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि कैंटीन एवं मेस संचालन के लिए खाद्य लाइसेंस जारी किया गया था, लेकिन मौके पर अलग से बेकरी यूनिट लगाकर वेज और नॉनवेज बेकरी उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इन उत्पादों की सप्लाई कोस्टा कैफे के एयरपोर्ट और डब्ल्यूटीपी स्थित आउटलेट पर किए जाने की जानकारी सामने आई। बेकरी उत्पादों के निर्माण और सप्लाई के लिए अलग से खाद्य लाइसेंस नहीं लिया गया था।

निरीक्षण के दौरान कैंटीन के डीप फ्रीजर में बड़ी मात्रा में फ्रोजन नॉनवेज रखा मिला। टीम के अनुसार इसी सामग्री से नॉनवेज बेकरी उत्पाद तैयार किए जा रहे थे, जबकि कैंटीन में नॉनवेज रखने और नॉनवेज बेकरी उत्पाद तैयार करने की अनुमति नहीं थी।

इसके अलावा कैंटीन में विद्यार्थियों के लिए मोमोज, पास्ता, नूडल्स, बर्गर और फ्रेंच फ्राइज जैसे जंक फूड तैयार कर बेचे जा रहे थे।

मौके पर मौजूद मैनेजर राकेश गुप्ता को पाबंद करते हुए नॉनवेज बेकरी उत्पाद और जंक फूड के निर्माण को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कैंटीन संचालक फर्म को नोटिस जारी किया गया है। जांच और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से पनीर और इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल के नमूने भी लिए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं विभाग की एक अन्य टीम ने जानकी देवी पब्लिक स्कूल से इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल तथा मयूर स्कूल की कैंटीन से दही का नमूना लिया। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश