जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा आस्था का सैलाब: चार दरवाजा से कर्बला तक निकला जुलूस
जयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी यानी बारावफात पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहरभर में धार्मिक कार्यक्रम और जलसे आयोजित हुए। मुस्लिम समुदाय की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
दोपहर बाद चार दरवाजा स्थित मौलाना जियाउद्दीन सर्किल से जुलूस रवाना हुआ। इससे पहले शहर के अलग-अलग इलाकों से आए जुलूस यहां एकत्र हुए और मुख्य जुलूस में शामिल हुए। जुलूस सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला मैदान पहुंचा। कर्बला में बड़ी सभा आयोजित हुई। सलातो-सलाम और दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
जुलूस में विभिन्न समूहों के साथ धार्मिक झांकियां भी शामिल रहीं। हाथी, ऊंट और घोड़े जुलूस का विशेष आकर्षण रहे। बड़ी संख्या में अकीदतमंद धार्मिक झंडे और बैनर लेकर जुलूस में शामिल हुए। जुलूस के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं और इंसानियत, भाईचारे एवं प्रेम के संदेश से लोगों को अवगत कराया गया।
ईद-मिलाद-उन-नबी के मौके पर शहर की मस्जिदों और मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों में जलसे भी आयोजित किए गए। धार्मिक विद्वानों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शख्सियत और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। लोगों ने अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की।
जुलूस के दौरान जयपुर की गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर भी देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर हिंदू समाज और व्यापारियों की ओर से जुलूस का स्वागत किया गया। कई जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन किया। इस दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।
जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुराने शहर और जुलूस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात पुलिस ने भी विशेष व्यवस्था की। जुलूस के गुजरने के दौरान निर्धारित मार्गों पर यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया गया, जिससे आम यातायात को व्यवस्थित रखा जा सके।
चार दरवाजा से कर्बला मैदान तक निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर अकीदत का इजहार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश