जेएसए सिल्वर शो-2026 के बूथों का लॉटरी से आवंटन: 22 नवंबर से सजेगा चांदी कारोबार का मंच
जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन की ओर से आयोजित होने वाले जेएसए सिल्वर शो-2026 के बूथ आवंटन की प्रक्रिया लॉटरी के माध्यम से संपन्न हुई। एसोसिएशन ने आवंटन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया। यह आयोजन 22 से 24 नवंबर तक बीएम बिड़ला सभागार, जयपुर में होगा।
बूथ आवंटन प्रक्रिया में एसोसिएशन के ट्रस्टियों, शो कमेटी के सदस्यों, एसोसिएशन पदाधिकारियों और अन्य शहरों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला और शो कन्वीनर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बूथों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया गया।
लॉटरी प्रक्रिया के पहले चरण में एसोसिएशन के एडवाइजरी हेड राजू मंगोड़िवाला ने लॉटरी निकाली। इसके बाद दूसरे चरण में गोपालजी का रास्ता व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीश केड़िया और जयपुर सर्राफा कमेटी के उपाध्यक्ष मनीष खुटेटा ने लॉटरी निकालकर आवंटन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अभिनीत बूचरा और अभिषेक बंसल, सचिव राहुल जैन, कोषाध्यक्ष दीपेश गोयल, शुभम अग्रवाल, करण बूचरा और निशांत विजयवर्गीय मौजूद रहे। शो कमेटी की कन्वीनर डॉ. अनीता डिंगरा के साथ विकास सोनी, अंशुल सोनी, आलोक कट्टा, आशीष खंडेलवाल, विपिन सहित अन्य सदस्यों ने भी सहभागिता निभाई।
चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला ने बताया कि एसोसिएशन का उद्देश्य जेएसए सिल्वर शो को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन बनाना है। उन्हें उम्मीद है कि यह शो जयपुर को देश के प्रमुख चांदी व्यापार केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने के साथ व्यापारियों, निर्माताओं, डिजाइनरों और खरीदारों के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराएगा।
एसोसिएशन ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश