गहलोत की ‘बजट फाइल्स’ पर जोगाराम पटेल का पलटवार

 


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों ने राजनीतिक रंग ले लिया है। गहलोत के ‘बजट फाइल्स’ अभियान के जरिए सरकार को घेरने के बाद विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने पलटवार करते हुए इसे ‘झूठ का पुलिंदा’ करार दिया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गहलोत पर ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ वाली कहावत सटीक बैठती है।

पटेल ने कहा कि गहलोत जुलाई 2024 के बजट में ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ के लिए प्रतिवर्ष 50 करोड़ रुपए के प्रावधान और आयोजन नहीं होने का सवाल उठा रहे हैं, लेकिन सरकार खेलों को केवल प्रतियोगिता कराने तक सीमित नहीं रख रही है। सरकार का फोकस खेल प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक परीक्षण, प्रशिक्षण और उनके दीर्घकालिक विकास पर है।

मंत्री ने दावा किया कि ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ के लिए अब तक 2 लाख 31 हजार 166 खिलाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें 1 लाख 46 हजार 458 पुरुष, 84 हजार 705 महिलाएं और तीन अन्य श्रेणी के खिलाड़ी शामिल हैं। पंजीकृत खिलाड़ियों में 2 लाख 29 हजार 811 राजस्थान और 1 हजार 355 अन्य राज्यों के हैं। इसके अलावा 5 हजार 231 टीमों और 1 लाख 86 हजार 835 व्यक्तिगत खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

जिलेवार आंकड़ों में भीलवाड़ा 76 हजार 906 पंजीकरण के साथ सबसे आगे है। डीडवाना-कुचामन से 24 हजार 323, नागौर से 9 हजार 354, सीकर से 7 हजार 771, जोधपुर से 7 हजार 770, श्रीगंगानगर से 7 हजार 384 और फलोदी से 5 हजार 593 खिलाड़ियों के पंजीकरण का दावा किया गया है।

पटेल ने कहा कि सरकार ने 2 अक्टूबर 2026 को ‘प्रतिभा योजना’ शुरू की है। इसके तहत प्रदेश के विद्यालयों, गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान वैज्ञानिक परीक्षणों के जरिए करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना में 70 लाख से अधिक बच्चों के प्रतिभा मूल्यांकन का लक्ष्य है।

विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर होने वाले परीक्षणों में 800 मीटर दौड़, मेडिसिन बॉल थ्रो, प्लेट टैपिंग और पार्शियल कर्ल-अप जैसे परीक्षण शामिल किए गए हैं। सरकार के अनुसार अंतिम मूल्यांकन के बाद करीब 3 हजार उभरती और 10 हजार नवोदित प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उपयुक्त खेल के अनुसार प्रशिक्षण और विकास के अवसर दिए जाएंगे।

विधि एवं न्याय मंत्री ने कहा कि चयनित विद्यार्थियों को विशिष्ट प्रतिभा पहचान संख्या दी जाएगी और ‘खेलमित्र’ पोर्टल के जरिए खिलाड़ियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। इसमें उनके परीक्षण परिणाम, प्रदर्शन और प्रगति का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

पटेल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में खेलों से जुड़ी घोषणाएं और बजट प्रावधान तो हुए, लेकिन प्रतिभा पहचान, वैज्ञानिक परीक्षण और दीर्घकालिक प्रशिक्षण की समन्वित व्यवस्था विकसित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को गांव से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचाना है और वर्ष 2036 के ओलंपिक की तैयारियों के लिए भी आधार मजबूत किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित