सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़

 


जोधपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। भोलेनाथ की आराधना के लिए खास माने जाने वाला श्रावण (सावन) माह के पहले सोमवार पर आज शिव मंदिरों और शिवालयों में रूद्राभिषेक सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शहर के सभी शिवालयों में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जैकारे गूंज उठे।

सनातन धर्म में सावन मास का विशेष धार्मिक महत्व होने से पूरे माह भगवान शिव की पूजा-अर्चना बड़े ही भक्ति भाव से की जाती है। शहर में आज सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का जलाभिषेक करने का तांता लगना शुरू हो गया, जिसमें दूध, केसर-चंदन, जल सहित अनेक द्रव्यों से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। श्रावण के पहले दिन आज शिव मंदिरों में पंडितों एवं यजमानों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया। भूतेश्वर महादेव मंदिर, मंडलनाथ अचलनाथ महादेव मंदिर, सिद्धनाथ रोड, जबरेश्वर नाथ मंदिर, तारघर स्थित दूरसंचारेश्वर महादेव मंदिर रातानाडा स्थित गणेश मंदिर, शिव मंदिर पब्लिक पार्क, चांदपोल में सिद्धपीठ, रामेश्वर धाम, पंचेश्वर, गोरेश्वर महादेव मंदिर, जूना खेड़ापति शिव मंदिर, माता का थान, राम सागर चौराहा सहित अन्य शिव मंदिरों में यजमानों और पंडितों ने अभिषेक करने के साथ रूद्री पाठ किए। शहर के भीतरी क्षेत्र स्थित अचलनाथ महादेव मंदिर को रंगीन रोशनी व आकर्षक फूलमंडली से सजाया गया। वहीं शहर के प्रमुख शिवालयों में पूरे सावन मास में रुद्राभिषेक भी किए गए। शिव मंदिरों में कावडियों की ओर से जलाभिषेक भी किया गया। इसके अलावा शिव मंदिरों में सावन सोमवार के उपलक्ष में विशेष श्रृंगार, फूलमंडली, विशेष पूजा अर्चना, अभिषेक, वेद मंत्रों का पाठ व भजन सहित विभिन्न तरह के आयोजन किए गए। पहाडिय़ों के मध्य स्थित प्राचीन जागनाथ शिवालय में सोमवार को विशेष फूल मंडली का आयोजन किया गया। घोड़ों का चौक स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प एवं फल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की कामना की। सिद्धनाथ महादेव मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु 355 सीढिय़ां चढक़र भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। भदवासिया स्थित विश्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर पुजारी डीडी वैष्णव, प्रवक्ता जितेन्द्र भाटी और सत्यनारायण ने बताया कि मंदिर परिसर में शिव भक्तों द्वारा देवाधिदेव महादेव का जल, दुग्ध, दही, घृत, शहद, शक्कर, पंचामृत, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक के पुष्प, चंदन और विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया।

भूतनाथ महादेव मंदिर में 51 किलो दूध से अभिषेक

सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर आज भूतनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का 51 किलो दूध से अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिवभक्ति के वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक कर देश एवं प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुकेश चंडक, अनिल बोहरा, अनुप, भरत बोहरा, महेश, मोनू, युवराज एवं चन्द्रशेखर बोहरा सहित अनेक शिवभक्त मौजूद थे। श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भीड़ रही और श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध एवं बेलपत्र अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश