विश्व ओजोन दिवस पर हुए कई कार्यक्रम

 


जोधपुर, 16 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के कार्यालय अध्यक्ष डॉ एसएल मीना के दिशा निर्देशन में आज राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शोभावतो की ढाणी में विश्व ओजोन दिवस पर एक जागरूकता व्याख्यान, पर्यावरण एवं ओजोन पर भाषण प्रतियोगिता तथा पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम के गायन से किया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्या डिंपल गुप्ता ने स्वागत अभिनंदन किया। वैज्ञानिक डॉ चंदन सिंह पुरोहित ने भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के उद्देश्यों तथा कार्यों पर प्रकाश डाला। वैज्ञानिक डॉ अरविंद परिहार ने कार्यक्रम का समन्वय करते हुए वर्तमान समय में ओजोन को नुकसान पहुंचाने वाली गैसों के न्यूनतम उत्सर्जन के साथ ही विकल्प संसाधनों के बारे में जानकारी दी।

वरिष्ठ परीरक्षण सहायक अमित कुमार ने विश्व ओजोन दिवस के इस वर्ष की थीम ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लेनेट पर प्रकाश डालते हुए ओज़ोन दिवस पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। तथा ओजोन परत के क्षय को रोकने हेतु किए जा रहे वैश्विक प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर 10 छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। जिसमें संगीता प्रथम, शारदा द्वितीय तथा आरुषि तृतीय स्थान पर रही।

इसके अलावा बिंदी, मोनिका, पूजा, भारती, दुर्गा, आरती, खुशबू आदि प्रतिभागी रही। भारत सरकार के पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के लिए चलाए जा रहे अभियान एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इसमें गार्डन ओवरसीयर भोमाराम सोलंकी तथा खेमराज ने विशेष भूमिका निभाई। जगदीश यादव और डॉ अजय शंकर यादव ने मंच संचालन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश