कलेक्टर ने वर्षा ऋतु से पहले जल निकासी कार्य पूरा करने पर दिया जोर

 


जोधपुर, 05 मई (हि.स.)। जिला कलेक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न अवसंरचना विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विकास परियोजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा संचालित सीवरेज एवं एसटीपी उन्नयन परियोजनाओं की प्रगति का आंकलन किया गया। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए। परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग एवं फील्ड विजिट सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

नगर निगम, जेडीए, रूडिप, रीको एवं पीएचईडी द्वारा संचालित जल प्रबंधन कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे वर्षा ऋतु में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पेयजल प्रबंधन एवं प्रमुख योजनाएं

जिले में समर कांटेंजेंसी, पेयजल आपूर्ति की स्थिति तथा पीएचईडी की प्रमुख योजनाओं, विशेषकर जल जीवन मिशन एवं आरजीएलसी फेज-तृतीय की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने एवं संभावित व्यवधानों के निराकरण के लिए पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए। सडक़ निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, जेडीए की प्रगतिरत परियोजनाओं तथा जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम एवं काली बाई भील उड़ान योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। बैठक में जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा, एडीएम (प्रथम) जवाहर चौधरी, एडीएम (द्वितीय) सुरेंद्र पुरोहित, एडीएम (शहर प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा, एडीएम (शहर द्वितीय) आईएएस प्रीतम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश