कलश यात्रा एवं मंगल गीतों से बताया मतदान का महत्व
जोधपुर, 03 सितम्बर (हि.स.)। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मतदाताओं को जागरूक करने एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोडल अधिकारी स्वीप एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जोधपुर के निर्देशन में जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गुरुवार को मतदाता जागरूकता कलश यात्रा का आयोजन किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सिद्धार्थ सांदू ने बताया कि विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घंटाघर से कचहरी परिसर तक कलश यात्रा निकालकर आमजन को मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया। कलश यात्रा के दौरान वोट करें, लोकतंत्र को मजबूत करें की थीम पर जागरूकता एवं मंगल गीतों के माध्यम से मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। कलश यात्रा का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी रावत कड़वासरा, जिला समन्वयक कानाराम सारण, महिला पर्यवेक्षक शारदा व्यास, कल्पना नवल, मधुबाला वर्मा एवं अंजू भाटी द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश