जोधपुर से रामदेवरा जाएगा कांच का सिंहासन और प्रतिमा
जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। मारवाड़ में बाबा रामदेव के प्रति आस्था हर साल नए रूप में दिखती है। जोधपुर के युवकों के सामाजिक व धार्मिक संगठन महादेव ग्रुप ने इस बार रामदेवरा के लिए कांच की नक्काशी से बना 8 फीट ऊंचा सिंहासन और बाबा की प्रतिमा तैयार की है। महाराष्ट्र के कारीगरों ने 5 दिन में इसे तैयार किया। देखने में यह इतना जीवंत लगता है कि श्रद्धालु इसे बाबा का साक्षात स्वरूप मान रहे हैं। जगन्नाथ रथ यात्रा की तर्ज पर इस सिंहासन को विशेष रथ में रखकर रामदेवरा ले जाया जाएगा। पिछले तीन साल से ग्रुप हर बार कुछ अनूठा कर रहा है। पहले कांच का घोड़ा, फिर कांच की मूर्ति और अब कांच का सिंहासन। यह प्रतिमा पब्लिक पार्क स्थित शिव मंदिर में दर्शनार्थ रखी है। भाद्रपद माह में मसूरिया मंदिर से पैदल यात्रा रामदेवरा रवाना होगी।
ग्रुप के नितिन देवड़ा ने बताया कि महादेव ग्र्रुप के युवा पिछले तीन सालों से रामदेवरा मेले के लिए हर बार कुछ नया कर रहे हैं। सामान्यत: लोग रामदेव बाबा की सवारी उनके घोड़े की प्रतिकृति कपड़े के घोड़े वहां चढ़ाते हैं। हमने तीन साल पहले सोचा कि कुछ ऐसा करें जिसे लोग याद रखें, इसलिए सबसे पहले कांच का घोड़ा वहां भेंट किया। इसके बाद गत वर्ष कांच के घोड़े के साथ बाबा की मूर्ति भी कांच की बनाई। इस बार कांच की नक्काशी से सिंहासन बनाया और बाबा की आकर्षक मूर्ति बनाई है।
देवड़ा ने बताया कि बाबा रामदेव के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। इसलिए जब इस बार कुछ नया करने का सोच रहे थे तो महाराष्ट्र के कारीगरों ने कहा कि प्रयास किया और उन्होंने 5 दिन में ही सिंहासन और बाबा की प्रतिमा यह स्वरूप बनाकर दिया। इसे जीवंत स्वरूप मानकर ही पूजा की जा रही है। तेज गर्मी है इसलिए एयरकंडीशन भी लगाया है।
अभी सिंहासन और बाबा रामदेव की प्रतिमा पब्लिक पार्क स्थित शिव मंदिर में अमरनाथ महादेव के शिवलिंग के पास आमजन के दर्शनार्थ रखी गई है। जहां श्रावण मास में लोग दर्शन के लिए आते हैं। भाद्र माह की शुरुआत के साथ रथ पैदल यात्रा मसूरिया मंदिर से रामदेवरा के लिए रवाना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश