एसआई भर्ती परीक्षा रविवार से, दो दिन तक होगी
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, एग्जाम सेंटर्स के आसपास ई मित्र और साइबर कैफे बंद रहेंगे
जोधपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। आरपीएससी की ओर से सब इंस्पेक्टर भर्ती-2025 की परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को आयोजित होगी। एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस सहित सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। एसओजी की ओर से फर्जीवाड़ा व नकल रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। इस बार प्रश्न पत्र लीक होने, ब्ल्यू टूथ डिवाइस से नकल व डमी कैंडीडेट रोकने के लिए एसओजी की ओर से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने आदेश दिए हैं कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना देने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पेपर लीक और नकल गिरोह से जुड़े सभी बदमाशों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से एक एसओपी भी जारी की गई है। परीक्षा के दौरान एग्जाम सेंटर्स के आसपास सौ मीटर के दायरे में संचालित ई मित्र, फोटो कॉपी की शॉप और साइबर कैफे बंद रहेंगे।
सादावर्दी में तैनात जवानों की ओर से सभी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। परीक्षा केन्द्रों पर भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात होगी। अनैतिक गतिविधियों, डमी अभ्यर्थियों के प्रवेश और संदिग्ध तत्वों को रोकने के लिए जिला कलेक्टर और एसपी के समन्वय से विशेष निगरानी रहेगी। प्रत्येक केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। आपराधिक तत्वों पर निगरानी के लिए पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों व आसपास की गतिविधियों पर निगरानी रखेगी।
सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के लिए राज्य के 41 शहरों में 1174 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा में 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में दोनों दिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिंदी और दोपहर 3 से 5 बजे तक जनरल नॉलेज एंड जनरल साइंस के प्रश्न-पत्र का आयोजन किया जाएगा। ओएमआर शीट में पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश