कागा मेला : शीतला माता मंदिर में मेला दस मार्च से
जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। नागौरी गेट कागा की पहाडिय़ों में स्थित शीतला माता मंदिर में होली के बाद शीतला सप्तमी से मेले की शुरुआत की जाएगी। इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। मंदिर में शीतला माता के अलावा, गंगा मैया, काग ऋषि मंदिर का भी भव्य रूप में जीर्णोद्धार करवाया गया है। यहां पर प्राचीन भैंरू मंदिर में भी इस बार श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन हो इसकी खास व्यवस्था की गई है।
शीतला माता मंदिर के कार्यालय अधिकारी कुलदीप गहलोत ने बताया कि यहां पर ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्मल कच्छवाहा की मॉनिटरिंग में विकास कार्य करवाए गए हैं। जिनमें गंगा माता मंदिर, काग ऋषि मंदिर के जीर्णोद्धार से लेकर भेरूजी, भगवान गणेश आदि मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया है। इस बार मेले की शुरुआत 10 मार्च को ध्वजारोहण के साथ की जाएगी। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। मेला अमावस्या तक चलेगा।
मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधार्थ विकास कार्य करवाए गए हैं। शीतला माता के मेले को लेकर तैयारियां की जा रही है। इस बार मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पॉलीथिन का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। गहलोत ने बताया कि यहां पर दर्शन के साथ ही भैरूजी का दर्शन करने की मान्यता है। यहां पर कोडमदेसर और बड़ली वाले भेरूजी स्थापित है। शीतला माता के दर्शन के लिए आने वाला भक्त भैरूजी मंदिर में दर्शन अवश्य करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश