कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शुरू हई सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा

 


जोधपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई। जोधपुर में रविवार को एग्जाम के लिए 103 केंद्रों पर 31 हजार 568 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड रहे। इसमें पहली पारी में 20004 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। वहीं 11 हजार 557 कैंडिडेट एग्जाम देने नहीं पहुंचे। ऐसे में एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों की उपस्थिति 63.38 प्रतिशत रही। वहीं दूसरी पारी में 11 हजार 898 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा समन्वयक और अतिरिक्त जिला कलक्टर दौलतराम चौधरी ने बताया कि द्वितीय श्रेणी अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई तक विभिन्न पारियों में किया जाएगा। इसमें 12, 13, 14, 16 व 17 जुलाई को परीक्षा दो-दो पारियों में और 15 जुलाई को एक पारी में आयोजित होगी। जिले के 103 परीक्षा केन्द्रों पर रविवार को परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में प्रदेश के जोधपुर, बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी जिलों के अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। पहली पारी में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सामान्य ज्ञान (ग्रुप-ए) का पेपर हुआ। वहीं दूसरी पारी में सोशल साइंस की परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक चली। इस पारी में 19 हजार 663 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं 11 हजार 898 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में कुल 62.30 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

मेटल डिटेक्टर से जांच

परीक्षा केंद्र पर पुलिस ने मेटल डिटेक्टर से जांच की, जबकि स्कूल स्टाफ ने दस्तावेज सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को 26 हजार 467, 14 जुलाई को प्रथम पारी में 21 हजार 500 और द्वितीय पारी में 15 हजार 999 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार 15 जुलाई को एक पारी में 5 हजार 552, 16 जुलाई को पहली पारी में 13 हजार 93 और द्वितीय पारी में 7 हजार 819 और 17 जुलाई को प्रथम पारी में 4 हजार 544 व द्वितीय पारी में 747 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। छह दिन में विभिन्न पारियों में होने वाली परीक्षा के लिए 1 लाख 27 हजार 276 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश