आरएलपी का महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन

 


जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों के खिलाफ मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कलेक्ट्रेट के गेट बंद किए तो गुस्साए कार्यकर्ता बैरिकेड्स और लोहे के गेट पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान आरएलपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर जाने पर अड़े थे, लेकिन पुलिस ने गेट बंद कर दिए। इसके बाद कई युवा कार्यकर्ता गेट के ऊपर चढक़र ही नारेबाजी करने लगे।

आरएलपी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रभारी रामदीन चौधरी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम छह सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को कम करने नए रोजगार का सृजन करने की मांग की गई। साथ ही पेपर लीक की घटनाएं रोकने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया कि राजस्थान की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपराधों का ग्राफ बढऩे से स्थिति बेहद खराब, दयनीय और सोचनीय हो गई है। इसके अलावा गैस सिलेंडर की किल्लत दूर करने, पेयजल संकट का समाधान करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक हो जाता है।

ज्ञापन में आरोप लगाया क‍ि जल जीवन मिशन के तहत हर घर में पानी कनेक्शन का वादा किया गया था, लेकिन उसमें भी घोटाला हुआ। भाजपा गौ माता के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन जैसलमेर में जिस तरीके से गायों के कंकाल मिले उस पर कोई बोलने वाला नहीं है। भैराणा में साधु संत अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार नहीं सुन रही है। उन्होंने जोजरी नदी में प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शन में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता थान सिंह डोली, राजेंद्र छब्बरवाल, राजूराम खोजा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश