रेलवे एजीएम ने देखी विकास केंद्र की प्रशिक्षण व्यवस्था

 


जोधपुर, 25 सितम्बर (हि.स.)। रेलकर्मियों को बदलते नियमों और सुरक्षा मानकों से लगातार अपडेट रखने के लिए जोधपुर मंडल में संचालित कौशल विकास केंद्र का मॉडल अब दूसरे रेल मंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली।

अपर महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के साथ केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविरों की विषयवस्तु,कर्मचारियों की भागीदारी और प्रशिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने केंद्र में चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों की सराहना की।

डीजल शेड के प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए माहेश्वरी ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए कर्मचारियों का नए नियमों,तकनीकी प्रक्रियाओं और निर्धारित सुरक्षा मापदंडों से अपडेट रहना जरूरी है। कर्मचारियों को पूरी तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास केंद्र इस दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है और इसकी गतिविधियां अन्य रेल मंडलों के लिए अनुकरणीय हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपर महाप्रबंधक को केंद्र में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ इनडोर स्पोर्ट्स गतिविधियों और पुस्तकालय की सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रशिक्षण के माध्यम से रेलकर्मियों के व्यावसायिक ज्ञान और कार्यकुशलता को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश