जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में दी नए आयकर अधिनियम की जानकारी
जोधपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में नए आयकर अधिनियम 2025 को लेकर एक विशेष टीडीएस कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला संयुक्त आयकर आयुक्त रेंज (टीडीएस) जोधपुर कार्यालय की ओर से आयोजित की गई थी, जिसमें पुलिस कमिश्नरेट के डीडीओ और लेखाकारों को नए नियमों की जानकारी दी गई।
आयकर आयुक्त (टीडीएस) राजस्थान शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशानुसार और अपर आयकर आयुक्त निधि नायर के मार्गदर्शन में आज यह कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला के मुख्य वक्ता सहायक आयकर आयुक्त सर्कल (टीडीएस) डॉ. बोधिराज एस विश्वास, आयकर अधिकारी (टीडीएस)1 जोधपुर दीपाराम धन्धे एवं आयकर अधिकारी (टीडीएस)-2 जोधपुर नरेंद्र सांखला रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नए आयकर अधिनियम, 2025 के तहत टीडीएस एवं टीसीएस से जुड़े नवीन प्रावधानों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने सरकारी विभागों में टीडीएस की समय पर कटौती और उसे नियमानुसार समय पर जमा करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर टीडीएस जमा नहीं करने से विभाग को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं के रूप में आयकर निरीक्षक अरुण जालानी व सतपाल यादव एवं कार्यालय अधीक्षक जयप्रकाश चौधरी ने नए अधिनियम के तहत टीडीएस रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, सामान्य त्रुटियों और उनके सुधार से जुड़े तकनीकी पहलुओं को बारीकी से समझाया। कार्यशाला का समापन एडीसीपी रविन्द्र बोथरा द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करने के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश