दूसरे दिन भी पेट्रोल-डीजल को लेकर नहीं सुधरे हालात, प्रशासन के सारे दावे खोखले साबित
जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। शहर में पेट्रोल-डीजल को लेकर दूसरे दिन भी हालात सामान्य नहीं हो सके। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। कहीं दोपहिया वाहनों में केवल 200 रुपए तक का पेट्रोल भरा जा रहा है तो कहीं 500 रुपए की सीमा तय कर दी गई है। वहीं कई पंपों पर तेल खत्म के बोर्ड भी लगे नजर आए। इस स्थिति के चलते प्रशासन के हालात सामान्य होने के दावे खोखले साबित होते दिखाई दिए।
दरअसल मंगलवार शाम पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे की खबर के बाद शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। देर शाम एकाएक बढ़ी भीड़ के चलते ईंधन की किल्लत की अफवाहें फैल गईं, जिससे लोगों में घबराहट का माहौल बन गया। इसके बाद कई पेट्रोल पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल देना शुरू कर दिया। बुधवार को भी शहर के कई इलाकों में यही स्थिति बनी रही।
कई पेट्रोल पंपों पर अघोषित रूप से ईंधन की कटौती की गई। महामंदिर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर दोपहिया वाहनों में केवल 200 रुपए का पेट्रोल भरा गया। वहीं कुछ अन्य पंपों पर 500 रुपए से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया गया। ईंधन की कमी के चलते उपभोक्ताओं को एक पेट्रोल पंप से दूसरे पंप तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जोधपुर पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन का सामान्य आपूर्ति का दावा
जोधपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने दावा किया है कि जोधपुर शहर में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति वर्तमान में पूर्णत: सामान्य एवं पर्याप्त बनी हुई है। सभी तेल विपणन कंपनियों द्वारा नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है तथा शहर के समस्त पेट्रोल पंप सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं। जोधपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के सचिव राजेश बिश्नोई द्वारा भी यह स्पष्ट किया गया है कि पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा किसी प्रकार की वास्तविक कमी की स्थिति नहीं है।
इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। ईंधन टैंकर निर्धारित समयानुसार नियमित रूप से पेट्रोल पंपों तक पहुंच रहे हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो रही है। बिश्नोई ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल की खरीद करें। अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में ईंधन संग्रह करने से कृत्रिम कमी जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश