रैली से दिया अंगदान का संदेश, लोगों को किया जागरूक
जोधपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। अंगदान के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जुलाई माह में मनाए जा रहे अंगदान जागरूकता माह के तहत बुधवार को डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अंगदान का संदेश दिया। रैली मेडिकल कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर शास्त्री सर्किल तक निकाली गई और पुन: एक नंबर गेट पर पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बीएस. जोधा ने किया। उन्होंने कहा कि भारत में सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या अधिक होने के साथ-साथ अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कैडेवरिक अंगदान (ब्रेन डेड व्यक्ति के अंगदान) के माध्यम से ही अंगों की बढ़ती मांग और उपलब्धता के बीच की खाई को पाटा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव, रूढि़वादी सोच और भ्रांतियों के कारण अंगदान को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है।
जिस प्रकार समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई है, उसी तरह अंगदान को भी जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान की प्रगति से गंभीर रोगियों का जीवन लंबे समय तक बचाया जा सकता है, लेकिन किडनी, लीवर, हृदय और फेफड़ों के गंभीर रोगियों के लिए अंग प्रत्यारोपण ही प्रभावी उपचार है। उन्होंने बताया कि अंगों की उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती है और ब्रेन डेड मरीजों के परिजनों में समय पर जागरूकता एवं सहमति का अभाव इस दिशा में बड़ी बाधा बनता है।
मेडिकल कॉलेज की अंग प्रत्यारोपण नोडल अधिकारी डॉ. वंदना शर्मा ने ब्रेन डेड की अवधारणा, अंगदान की प्रक्रिया तथा पात्रता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक ब्रेन डेड व्यक्ति के अंगदान से आठ अलग-अलग मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. कमल खींची ने अंगदान को वर्तमान समय का सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसके लिए आगे आने का आह्वान किया।
रैली में मेडिकल कॉलेज के सीनियर फैकल्टी डॉक्टर्स डॉ. फतेह सिंह भाटी, डॉ. मोहन मकवाना, डॉ. गीता सिंघारिया, डॉ. गोवर्धन चौधरी, डॉ. सुनील कोठारी, डॉ. सावित्री शर्मा, डॉ. रामाकिशन चौधरी, नर्सिंग कॉलेज और स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश तेतरवाल, विजय शर्मा, शाह बानो और अन्य फैकल्टी सदस्य, पैरामेडिकल कॉलेज स्टाफ, राजकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज प्रिंसिपल मय सीनियर फैकल्टी सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. वंदना शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। रैली के सफल आयोजन में एमडीएम अस्पताल की मुख्य प्रत्यारोपण समन्वयक शिमला पुनिया तथा सहायक प्रत्यारोपण समन्वयक डिंपल चौहान का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश