जोधपुर-इंदौर ट्रेन बदले मार्ग से चलेगी

 




जोधपुर, 17 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर पैच दोहरीकरण के कार्य के चलते जोधपुर-इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस का संचालन सितंबर और अक्टूबर में प्रभावित रहेगा। सितंबर में ट्रेन निर्धारित मार्ग के बजाय अजमेर-जयपुर-सवाई माधोपुर होकर संचालित होगी, जबकि अक्टूबर में दोनों दिशाओं की कुल 11 ट्रिप रद्द रहेंगी। अजमेर मंडल के अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर झारवासा, बांदनवाड़ा और सिंगावल स्टेशनों के बीच पैच दोहरीकरण के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग और पोस्ट-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किए जाएंगे।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 14801 जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस 16 सितंबर से 3 अक्टूबर तक 18 ट्रिप निर्धारित मार्ग मारवाड़ जंक्शन-चित्तौड़-रतलाम के बजाय मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-जयपुर-सवाई माधोपुर-रतलाम होकर संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन मार्ग के किशनगढ़, जयपुर, दुर्गापुरा, वनस्थली निवाई, सवाई माधोपुर, कोटा व नागदा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

उन्होंने बताया कि उपरोक्त कार्य के कारण ही ट्रेन संख्या 14801 जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस की 4 से 8 अक्टूबर तक पांच ट्रिप तथा ट्रेन संख्या 14802 इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस की 4 से 9 अक्टूबर तक छह ट्रिप रद्द रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश