जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में संसदीय कार्य मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
फुल ड्रेस रिहर्सल की, सुरक्षा के कड़े सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
जोधपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। जिला स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शनिवार को श्री उम्मेद राजकीय स्टेडियम में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक एवं योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। समारोह में लोक कलाकार तथा छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं लोक संस्कृति से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएगी। समारोह की फुल डे्रस रिहर्सल आज की गई। मुख्य समारोह स्थल को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को श्री उम्मेद राजकीय स्टेडियम में सुबह 9 बजे आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत शुक्रवार को फुल डे्रस रिहर्सल की गई। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में सुबह ठीक 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा तथा सलामी मंच से मार्च पास्ट की सलामी ली जाएगी। कंपनी कमांडर नीतेश कंवर के नेतृत्व में फस्र्ट आरएसी, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, कालिका, होमगार्ड पुरुष, होमगार्ड महिला, आर्म्ड एनसीसी, नेवल विंग एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड की टुकडिय़ां मार्च पास्ट में भाग लेंगी। राजस्थान पुलिस एवं राजमाता कृष्णा कुमारी गल्र्स स्कूल की बैंड टुकडिय़ां मधुर धुनों के साथ मार्च पास्ट करते हुए समारोह की गरिमा बढ़ाएंगी। समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा समारोह में उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया जाएगा। इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों तथा समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में महाराणा प्रताप की 450वीं जयंती एवं वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश