जोधपुर में मौसम साफ, बारिश का अलर्ट नहीं

 


जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। शहर में शुक्रवार को मौसम साफ बना रहा। हालांकि इसके साथ ही हल्के बादल भी छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग के अनुसार 9 सितंबर तक बारिश का अलर्ट नहीं है। शहर में अगस्त महीने के शुरुआती कुछ दिनों के बाद से बारिश नहीं हुई है। महीनेभर से शहर सूखा है। तापमान में भी पिछले कुछ दिनों से बढ़ोतरी हुई है। शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में बारिश नहीं होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार एक सितंबर तक जोधपुर में एक जून से सामान्य से 65 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

सामान्य बारिश 254.7 एमएम होनी चाहिए थी, जबकि इस बार केवल 189.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जो कि मानसून सीजन क सामान्य से 65.5 फीसदी कम है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों के लिए जोधपुर शहर में किसी भी तरह का कोई बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि इस दौरान बादल छाए रहेंगे। 9 सितंबर तक मौसम सामान्य रहेगा। इस दौरान तापमान में भी करीब 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

बारिश की कमी के चलते किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। जिले के कई गांवों में मूंग, बाजरा, मोठ और तिल की खड़ी फसलें पानी के अभाव में सूखने लगी हैं। लगातार दूसरे साल फसल खराब होने से किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। किसान लगातार दूसरे साल प्राकृतिक परिस्थितियों की मार झेल रहे हैं। पिछले साल अधिक बारिश के कारण करीब 90 प्रतिशत फसलों को नुकसान हुआ था। इस वर्ष बारिश की कमी से खेतों में खड़ी फसलें सूखने लगी हैं। किसानों ने बताया कि बारिश की कमी के कारण खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं। मूंग, बाजरा और मोठ की फसलें पूरी तरह खराब हो गई हैं। लगातार दूसरे साल फसल खराब होने से किसानों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने सरकार से समय रहते किसानों को राहत देने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश