साइबर अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश के प्रयास तेज होंगे : घुमरिया

 


जोधपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) हवासिंह घुमरिया ने जोधपुर दौरे के दौरान रेंज और कमिश्नरेट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने साइबर अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी सहित अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रयास तेज करने की बात कही।बैठक में रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया, आरपीटीसी डीआईजी देवेंद्र सिंह विश्नोई, ग्रामीण एसपी पंकज यादव तथा डीसीपी मनीष चौधरी, शाहीन सी और कमल शेखावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पिछले एक माह के घटनाक्रम, कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों और उनके त्वरित निस्तारण को लेकर चर्चा की गई। आगामी कार्यों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। घुमरिया ने कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है और बेहतर पुलिसिंग के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में घुमरिया ने भंवरी मामले की एसआईटी जांच के बारे में कहा कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। जांच के दौरान एक-एक कड़ी और उपलब्ध तथ्यों को जोड़कर आगे बढ़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों की जांच में समय लगता है और निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों एवं मिसिंग लिंक को जोड़ना जरूरी है। सभी कड़ियों को जोड़ने के बाद ही आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। आगामी चुनावों को लेकर घुमरिया ने कहा कि पुलिस हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। हाल में हुए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं और आगामी चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।उन्होंने आमजन से चुनाव के दौरान आवेश में आकर कोई गलत कदम नहीं उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता जिसे अपना प्रतिनिधि चुने, उसके जनादेश का सभी को सम्मान करना चाहिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश