ग्राम रथ अभियान से ग्रामीणों में बढ़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता

 


जोधपुर, 09 मई (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने एवं उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से पंचायत समिति ओसियां की ग्राम पंचायत पंडितजी की ढाणी में ग्राम रथ अभियान 2026 आयोजित किया गया।

अभियान में ग्राम पंडितजी की ढाणी निवासी कृषक तिलोक राम पुत्र बालूराम जाट ने बताया कि कृषि विभाग से कृषि यंत्र पर अनुदान प्राप्त होने से उन्हें आर्थिक सहयोग मिला। कृषि यंत्रों के उपयोग से श्रम लागत में कमी आई तथा खेती कार्य अधिक सुगम हुआ, जिससे लाभ में बढ़ोतरी हुई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उन्हें पशुपालन, राजस्व एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त हुई।

इसी ग्राम पंचायत के कृषक भैरा राम पुत्र चैनाराम जाट ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा खेत तलाई निर्माण पर अनुदान मिलने से वर्षा जल का संरक्षण संभव हुआ तथा सिंचाई व्यवस्था में सुधार आया। इससे फसल उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि हुई, जिसके परिणामस्वरूप आय में बढ़ोतरी हुई।

अभियान के दौरान ग्राम बैठवासिया निवासी कृषक नेत्र सिंह पुत्र रुगनाथ सिंह राजपूत ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा उन्हें तारबंदी योजना के अंतर्गत अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे उनकी फसल आवारा पशुओं से सुरक्षित हुई। फसल सुरक्षा सुनिश्चित होने से उत्पादन में वृद्धि हुई तथा आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से उन्हें पशुपालन, राजस्व एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की भी उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। कृषक ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत बैठवासिया के कृषक पेमाराम पुत्र लूणाराम जाट ने बताया कि कृषि विभाग से खेत तलाई निर्माण पर अनुदान मिलने से वर्षा जल संरक्षण में सहायता मिली। जल के समुचित उपयोग से फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में सुधार हुआ, जिससे आय में बढ़ोतरी हुई। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त होना ग्रामीणों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश