568वां जोधपुर स्थापना दिवस समारोह, कई कार्यक्रमों का आयोजन
मारवाड़ की 19 प्रतिभाएं मारवाड़ रत्न सम्मान से सम्मानित, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत
जोधपुर, 12 मई (हि.स.)। जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को शहर में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शहरभर में कई कार्यक्रम आयोजित हुए। मुख्य समारोह महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुआ। इसमें मारवाड़ वीर शिरोमणी सम्मान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 19 प्रतिभाओं को मारवाड़ रत्न सम्मान से अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजयसिंह शेखावत ने बताया कि समारोह सांसद राव राजेन्द्रसिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ और समारोह की अध्यक्षता पूर्व राजपरिवार के गजसिंह ने की। इस वर्ष अमर शहीद परमवीर मेजर शैतानसिंह को मारवाड़ वीर शिरोमणी सम्मान दिया गया।
इसके अलावा डॉ. एमएल जाट को राव सीहा सम्मान, मिस्टर एलन वैबर को महाराज सर प्रतापसिंह सम्मान, श्याम कुम्भट को राव जोधा सम्मान, डॉ. ईशा दीक्षित व डॉ. प्रणव दीक्षित को महाराजा हनवन्तसिंह सम्मान, विंग कमाण्डर दीपिका मिश्रा को मेजर दलपतसिंह (एमसी) सम्मान, प्रो. जॉन डी. स्मिथ को पद्मभूषण कोमल कोठारी सम्मान, मैमुना नरगिस जैदी को कुंवर करणीसिंह जसोल सम्मान, उमर मोहम्मद को महाराजा विजयसिंह सम्मान, डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को महाराजा मानसिंह सम्मान, पद्मश्री श्यामसुन्दर पालीवाल को एचएच महाराजा उम्मेदसिंह सम्मान, सरिता राठौड़ को राजदादीसा बदन कंवर भटियाणी सम्मान, मोहनसिंह राठौड़ को एचएच राजमाता कृष्णाकुमारी सम्मान, झीमा देवी को एचएच महाराजा गजसिंह (द्वितीय) सम्मान, संदीपसिंह मान को चिरंजीव युवराज शिवराजसिंह सम्मान, डॉ. भुवनेश जैन को मुहता नैणसी सम्मान, रफीक खान को राजाराम मेघवाल सम्मान, नागराज शर्मा को पद्मश्री सीताराम लालसजी सम्मान एवं डॉ. मंगत बादल को डॉ. नारायणसिंह भाटी मालूंगा सम्मान से सम्मानित किया गया।
मुख्य समारोह में तीन पुस्तकों का लोकार्पण किया गया जिसमें डॉ. महेन्द्रसिंह तंवर द्वारा लिखित व रिड़मलोत समाज विकास एवं कल्याण ट्रस्ट मारवाड़ द्वारा प्रकाशित रिडमलोत राठौड़ों का गौरवशाली इतिहास, मेजर चन्द्रकान्तसिंह द्वारा लिखित पुस्तक मिरेकल एट हाइफा-दी मास्टर एण्ड दी महाराजास एवं प्रो. एलएन हर्ष द्वारा लिखित पुस्तक ए रॉयल ट्री ऑफ मारवाड़ स्टेट प्रोसोपिस जुलिफ्लोरा हिस्टोरिकल इण्टरोडक्शन, इकॉलोजी, मैनेजमेण्ट एण्ड यूटीलाईजेशन्स का लोकार्पण किया गया। साथ ही जोधपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में आयोजित निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को गज सिंह द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश