शहर में फागोत्सव की धूम : फूलों की खुशबू और भजनों की स्वर लहरियों के साथ मनाया फागोत्सव

 


जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। माता का थान क्षेत्र स्थित गांधी नगर गली नंबर तीन में फागोत्सव व फूलों की होली-2026 का आयोजन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। गांधीनगर मोहल्ला विकास समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी संग फूलों की होली खेलकर फाग का आनंद लिया।

गायिका रेखा भाटी ने जब होली खेल रहे बांके बिहारी... और आज बिरज में होरी रे रसिया.. जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, तो उपस्थित श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फूलों की होली रही। गांधीनगर मोहल्ला विकास समिति द्वारा मंगाए गए क्विंटल भर ताजे गुलाब और गेंदे के फूलों की पंखुडिय़ों से भक्तों ने एक-दूसरे और ठाकुरजी के विग्रह पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान गुलाल के साथ-साथ भजनों की मस्ती ने उत्सव को यादगार बना दिया। गांधीनगर मोहल्ला विकास समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वार्षिक फागोत्सव का उद्देश्य आपसी प्रेम और भक्ति भाव को बढ़ावा देना है।

सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में फागोत्सव 26 को

रातानाडा स्थित श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में 26 फरवरी को फाग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। व्यवस्थापक शिवानी जोशी एवं निकिता जोशी ने बताया कि क्षेत्रीय मंदिर महिला मंडल द्वारा कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि पुजारी ललिता जोशी के सानिध्य में 26 फरवरी को पारंपरिक विधि-विधान के साथ फाग महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, फाग गीतों की प्रस्तुति और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

विश्वकर्मा मंदिर में फागोत्सव कल

बाईजी का तालाब स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में मंदिर कमेटी की ओर से 25 फरवरी को फागोत्सव का आयोजन होगा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि दोपहर एक से शाम 6.30 बजे तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा श्याम भक्ति से ओत-प्रोत होरियां, फाग गीत व भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी और पुष्प होली खेली जाएगी। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलमंडली व रोशनी से सजाया जाएगा और ठाकुरजी व देव प्रतिमाओं का मनोरम श्रृंगार किया जाएगा।

सैन महिला मंडल का संभाग स्तरीय फाग महोत्सव कल

सैन महिला मंडल 25 फरवरी को संभाग स्तरीय फाग महोत्सव का आयोजन करेगा। कार्यक्रम संयोजक मदन सोलीवाल ने बताया कि यह रंगारंग आयोजन सैनाचार्य स्वामी अचलानंद गिरि महाराज के सान्निध्य, झोंपड़ी वाले बालाजी मंदिर के उपासक शंकरलाल महाराज की प्रेरणा तथा समाजसेवी नेमीचंद परिहार के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केशव सैन होडू करेंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में नरेंद्र सैन दादल और ओमप्रकाश पंवार उपस्थित रहेंगे। समारोह में समाजसेवी परमादेवी परिहार को समाज में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सैन गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश