ईदुल फितर शनिवार को, रमजान माह के जुमातुल विदा पर अकीदत से अदा की नमाज

 


रोजेदार अकीदतमंदों से भरी नजर आई सभी मस्जिदें, खरीदारी से बाजार हुए गुलजार

जोधपुर, 20 मार्च (हि.स.)। बरकतों सआदतों के महीने रमजानुल मुबारक के जुमातुल (अलविदा) विदा पर आज सभी मस्जिदों में नमाज अदा करने बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। सामूहिक नमाज अदा करने के दौरान सभी मस्जिदें रोजेदारों से भरी नजर आई। जालोरी गेट स्थित बड़ी ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में बड़ी तादाद में नमाजियों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की। शनिवार को ईद मनाई जाएगी। ईद की नमाज़ मुख्य ईदगाह मस्जिद जालोरी गेट में सुबह 8.30 बजे अदा की जाएगी।

रमजान माह के अलविदा जुमे के मौके पर आज जालोरी गेट स्थित बड़ी ईदगाह में सामूहिक रूप से नमाज पढ़ी गई। इसके अलावा पांचवीं रोड ईदगाह, चीरघर, सोजती गेट, खेतानाडी, बंबा सहित विभिन्न कॉलोनियों की मस्जिदों में नमाज के लिए अकीदतमंद उमड़े। महिलाओं ने भी अपने अपने घरों में अंतिम जुमे की नमाज पढ़ी। खतीबों ने जुमे के विशेष संबोधन खुत्ब के दौरान रमजान व जुमे की अहमियत बयान की। अंतिम जुमा होने के कारण कई छोटे बच्चों और बुजुर्गों ने भी रोजा रखा और वे भी अपने परिवार के साथ नमाज पढऩे आए।

इधर ईद की खरीदारी को लेकर आज सभी बाजारों में भीड़ रही। ईद शनिवार को मनाई जाएगी। इसको लेकर रूयत-ए-हिलाल (चांद) कमेटी के अध्यक्ष काज़ी मोहम्मद तय्यब अंसारी तथा मुफ़्ती-ए-राजस्थान मौलाना शेर मोहम्मद ख़ान रिज़वी ने समस्त मुस्लिम समाज से अपील की है कि ईद की नमाज़ से पहले सदक़ा-ए-फि़त्र (फि़तरा) अवश्य अदा करें। उन्होंने कहा कि ईदुल फि़तर आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और मिलनसारी का पर्व है। इस मुबारक अवसर पर सभी लोग आपसी गिले-शिकवे भूलाकर एक-दूसरे को गले लगाएं और समाज में भाईचारे तथा अमन-चैन का पैग़ाम फैलाएं।

शहर में ईदुल-फितर (ईद) का त्यौहार 21 मार्च को मनाया जाएगा। इस दौरान जालोरी गेट के बाहर स्थित मुख्य ईदगाह पर ईद की सामूहिक नमाज होगी। जिसके लिए सुबह छह बजे से नमाज अदा होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने तक यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी।

पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) शहीन सी ने बताया कि पुरी तिराया, चॉदशाह तकिया, रेल्वे स्टेशन से आरआर तिराहा होते हुए ओलम्पिक तिराहा, महावीर कॉम्पलेक्स, गोल बिल्डिंग, 5वीं रोड, सिवांची गेट, बालवाड़ी स्कूल, जालोरी बारी उपरोक्त सभी स्थानों से जालोरी गेट चौराहा की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतया बन्द रहेगा। इस क्षेत्र में केवल पैदल व्यक्तियों के आने-जाने की व्यवस्था रहेगी।

वहीं पावटा चौराहा से सरदारपुरा, चौपासनी की तरफ जाने वाले समस्त प्रकार के वाहन पावटा से डाइवर्ट होकर ताराचन्द सर्किल, सर्किट हाउस रोड, रातानाडा, रेजीडेन्सी रोड, वीसी सर्किल, पीडब्ल्यूडी, रिक्तिया भैरूजी चौराहा, रोटरी चौराहा, एसपीएस स्कूल मोड़ से डीआरएम खतरनाक पुलिया, 12वी रोड, बोम्बे मोटर होकर चलेंगे। चौपासनी रोड व सरदारपुरा क्षेत्र से नई सडक़ की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के वाहन 5वीं रोड चौराहा से मुडक़र सरदारपुरा डी रोड, रोटरी चौराहा, रिक्तिया भैरूजी चौराहा एवं न्यू डीआरएम खतरनाक पुलिया, लोको रोड पुलिस लाइन के सामने होकर पावटा की तरफ आ सकेगें। पावटा से सरदारपुरा, चौपासनी की तरफ जाने वाली सिटी बसें पावटा से डाइवर्ट होकर ताराचन्द सर्किल, सर्किट हाउस रोड, रातानाडा की तरफ निकाला जाएगा।

वापसी में चौपासनी रोड व सरदारपुरा क्षेत्र से नई सडक़ की तरफ आने वाली सिटी बसें 5वीं रोड चौराहा से मुडक़र सरदारपुरा डी रोड, न्यू डीआरएम खतरनाक पुलिया, लोको रोड, पुलिस लाइन खासबाग के सामने से होकर कमला नेहरू कॉलेज, पावटा की तरफ डाइवर्ट की जायेगी।

मुख्य ईदगाह पर नमाज में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों के वाहनों की पार्किगं महावीर कॉम्पलेक्स एवं तारघर के पास रहेगी। जालोरी गेट के अन्दर रहने वाले निवासियों का आवागमन एचजीएच से जालोरी गेट बारी, बालवाड़ी होते हुए आ-जा सकेगें। सिवांची गेट से पुराना शहर के अन्दर से घण्टाघर व नागौरी गेट की तरफ वाहन आ-जा सकेगे। आपातकालीन वाहनों का आवागमन किसी प्रकार से निषेध नहीं रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश