दिसंबर में होगा जोधपुर बाल महोत्सव, सभी जिलों के बच्चे लेंगे भाग

 


बीकानेर, 11 सितंबर (हि.स.)। डिजिटल बाल मेला 2026 के तहत राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से दिसंबर में तीन दिवसीय ‘जोधपुर बाल महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी 41 जिलों के बच्चे भाग ले सकेंगे।

फ्यूचर सोसाइटी के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया कि पोस्टर विमोचन के अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है कि बच्चे अपने जिले की ऐसी विशेषताओं को सामने लाएं, जिनके बारे में अभी कम जानकारी है।

डिजिटल बाल मेला की संस्थापक जान्हवी शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और प्रदेश के विभिन्न जिलों की समृद्ध परंपराओं को समझने का अवसर देना है।

महोत्सव में प्रत्येक जिले की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। बच्चे वीडियो के माध्यम से बताएंगे कि उनका जिला क्यों खास है। वे स्थानीय इतिहास, पर्यटन स्थलों, लोक परंपराओं, नवाचारों, हस्तशिल्प, लोक संगीत, व्यंजन और गुमनाम नायकों से जुड़ी जानकारी रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत कर सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार जिलास्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और अभिभावकों से बच्चों को अपने जिले की विशेषताओं को समझने और साझा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई है।

प्रतिभागियों को डिजिटल बाल मेला की वेबसाइट या व्हाट्सऐप के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि प्रत्येक जिले के विजेता बच्चों को जोधपुर भ्रमण कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव