केन्द्रीय कारागृह का किया औचक निरीक्षण
जोधपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर महानगर दिनेश त्यागी के निर्देशन में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला के सचिव डॉ. मनीष हरजाई द्वारा केन्द्रीय कारागृह जोधपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कारागृह के जेलर एवं अन्य कारागृह के कर्मचारी, एलएडीसी के अधिवक्ता तथा पीएलवी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कारागृह में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध करवाये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, उनके स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा सहित अन्य समस्त आधारभूत सुविधाओं की जांच पड़ताल की। साथ ही बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया गया तथा बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए उपस्थित अधीक्षक को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इसी के साथ ही केंद्रीय कारागृह में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बंदियों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश