12वींं परीक्षा परिणाम : जोधपुर में आर्ट्स में 98.17, कॉमर्स में 94.29 और साइंस में 98.94 प्रतिशत स्टूडेंट पास

 


99.20 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली मानसी को स्कूल की तरफ से मिलेगी कार

जोधपुर, 31 मार्च (हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का 12वीं का रिजल्ट मंगलवार को जारी हो गया। इस बार जोधपुर जिले में आर्ट्स में 98.17 प्रतिशत, कॉमर्स में 94.29 प्रतिशत और साइंस में 98.94 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए। पिछले साल के मुकाबले इस साल जिले का कॉमर्स का रिजल्ट चार प्रतिशत से अधिक घट गया है,जबकि साइंस में सुधार हुआ है। जोधपुर में शानदार 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली ग्रेट सत्यम एकेडमी स्कूल की छात्रा मानसी जांगिड़ को स्कूल प्रबंधन ने कार गिफ्ट करने की घोषणा की है।

12वीं बोर्ड में जिले के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। साइंस में 99.09 प्रतिशत छात्राओं ने पास होकर अपना दबदबा कायम रखा है। वहीं कॉमर्स संकाय में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं, जहां अमूमन आगे रहने वाली बेटियों (93.24 प्रतिशत) को पछाडक़र छात्रों (94.75 प्रतिशत) ने सफलता हासिल की है। वहीं 12वीं के रिजल्ट में इस साल जोधपुर का प्रदर्शन कॉमर्स में कमजोर हुआ है। पिछले साल जोधपुर में आर्ट्स में 98.23 प्रतिशत रिजल्ट था, इस साल मामूली गिरकर 98.17 प्रतिशत रिजल्ट रहा है। साइंस में पिछले साल 98.59 प्रतिशत रहा था,इस बार सुधरकर 98.94 प्रतिशत हो गया। वहीं, कॉमर्स में पिछले साल 98.75 प्रतिशत रिजल्ट आया था, इस बार 4.46 प्रतिशत गिरकर 94.29 प्रतिशत रहा। जोधपुर जिला प्रदेश में इस बार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए साइंस में तीसरे स्थान पर और आर्ट्स में 12वें स्थान पर रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश