कोटा स्टेशन पर बहाल होगा जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस का ठहराव

 


जोधपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कोटा स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते प्रभावित जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव सोमवार से पुन: बहाल हो जाएगा। इससे यात्रियों को कोटा स्टेशन से चढऩे और उतरने की सुविधा फिर मिल सकेगी।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पुनर्विकास कार्य के लिए ब्लॉक लिए जाने के कारण 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक दोनों ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जा रहा था। इस अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया था।

उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का कोटा स्टेशन पर ठहराव सोमवार से पूर्ववत बहाल कर दिया जाएगा। परिवर्तित मार्ग से संचालन के दौरान भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस सोगरिया-कोटा सी केबिन-गुड़ला होकर तथा जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस गुड़ला-कोटा सी केबिन-सोगरिया होकर संचालित की जा रही थी। इस कारण दोनों ट्रेनों का कोटा स्टेशन पर ठहराव अस्थाई रूप से बंद था। कोटा स्टेशन पर ठहराव बहाल होने से यात्रियों को पूर्ववत सुविधा मिलेगी तथा दोनों ट्रेनों का संचालन निर्धारित मार्ग से किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश