बासनी अग्निकांड के मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये तक सहायता का आश्वासन

 


जोधपुर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम म्यूनिसिपल एम्पलॉइज यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नवनिर्वाचित महापौर प्रसन्नचन्द मेहता से मुलाकात कर बासनी क्षेत्र में हुए अग्निकांड में मृत और घायल नगर निगम कार्मिकों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा तथा घायलों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

महापौर प्रसन्नचन्द मेहता ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि उन्होंने मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त राहुल जैन को मृत कार्मिकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को दो-दो लाख रुपये की सहायता दिलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर निगम कार्मिकों के एक दिन के वेतन की राशि भी प्रभावित कार्मिकों को देने के निर्देश दिए हैं।

महापौर ने बताया कि मृत कार्मिकों के परिजनों को राज्य सरकार के विशेष अनुदान से 20-20 लाख रुपये की सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया गया है और इस संबंध में आदेश जारी करवाया गया है। इस तरह मृतकों के परिजनों को नगर निगम और राज्य सरकार से कुल 25 लाख रुपये की सहायता मिलने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से मृत कार्मिकों के परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया है। गंभीर रूप से घायल और काम करने में असमर्थ कार्मिकों के मामले में उनके परिवार के एक सदस्य को उनके स्थान पर नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया है।

इससे पहले यूनियन पदाधिकारियों ने महापौर का माल्यार्पण और बुके भेंट कर अभिनंदन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश