नए सुपरफास्ट नंबरों के साथ चलेगी जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस

 


जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। सुपरफास्ट श्रेणी में क्रमोन्नत किए जाने के बाद जोधपुर-बेंगलुरु द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस अब नए नंबरों के साथ संचालित होगी। सोमवार को बेंगलुरु से प्रस्थान करने वाली ट्रेन भी परिवर्तित नंबर से चलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि रेल प्रशासन ने ट्रेन संख्या 16507/16508 जोधपुर-बेंगलुरु-जोधपुर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के नंबरों में परिवर्तन किया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 16507 जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस 26 फरवरी से नए सुपरफास्ट नंबर 20693 के साथ संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 16508 बेंगलुरु-जोधपुर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 23 फरवरी से बेंगलुरु से परिवर्तित सुपरफास्ट नंबर 20694 के साथ चलेगी। यह ट्रेन जोधपुर से सप्ताह में दो दिन प्रत्येक गुरुवार और शनिवार तथा बेंगलुरु से सोमवार और बुधवार को संचालित होती है। लंबी दूरी की यह महत्वपूर्ण रेलसेवा राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक राज्यों से होकर गुजरती है, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिलती है। अब इस ट्रेन के सुपरफास्ट में तब्दील होने से यात्री सुविधा में वृध्दि होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश