योगासन में जोधपुर के खिलाडिय़ों ने जीते स्वर्ण पदक

 


जोधपुर, 12 जून (हि.स.)। अहमदाबाद स्थत ट्रांस स्टेडिया में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में राजस्थान विशेषकर जोधपुर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया।

जोधपुर के अर्जुन परिहार ने सीनियर आयु वर्ग की आर्टिस्टिक पेयर (कलात्मक युगल) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। वहीं रितिक विश्नोई ने जूनियर आयु वर्ग की आर्टिस्टिक सिंगल (कलात्मक एकल) एवं आर्टिस्टिक ग्रुप (कलात्मक समूह) स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को दो स्वर्ण पदक दिलाए। योगासन जोधपुर के अध्यक्ष जयवर्धन सिंह उचियारड़ा ने बताया कि ये खिलाड़ी गजराज सिंह शेखावत एवं यशदीप सिंह कच्छवाहा के नियमित प्रशिक्षु हैं। विश्वस्तरीय इस प्रतियोगिता में 79 देशों के 450 से अधिक खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, गुजरात सरकार, वर्ल्ड योगासन, योगासन भारत एवं गुजरात योगासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश