जोधपुर एयरपोर्ट में सात साल बाद होगी रनवे री-कारपेटिंग

 


जोधपुर, 17 मार्च (हि.स.)। भारतीय वायुसेना ने जोधपुर एयरपोर्ट के रनवे की री-कारपेटिंग के लिए नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है। इस नोटम के अनुसार करीब 30 दिनों के लिए जोधपुर एयरपोर्ट पर सभी सिविल (व्यावसायिक) उड़ानें पूरी तरह बंद रहेंगी। जोधपुर एयरपोर्ट पर 29 मार्च की शाम 6.30 बजे से 27 अप्रैल की शाम 6.30 बजे तक नोटम लागू रहेगा।

नोटम यानी नोटिस टू एयरमैन एक आधिकारिक सूचना होती है, जो पायलटों, एयरलाइंस और नागरिक उड्डयन अधिकारियों को किसी एयरपोर्ट या हवाई क्षेत्र में होने वाले बदलाव, रख-रखाव कार्य या प्रतिबंध के बारे में अग्रिम रूप से सूचित करने के लिए जारी की जाती है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया जोधपुर एयरपोर्ट ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर यह स्पष्ट किया कि जोधपुर एयरपोर्ट एक सिविल एन्क्लेव है और रनवे भारतीय वायुसेना के अधीन है।

सात साल बाद होगी रनवे री-कारपेटिंग

वायुसेना के अनुसार जोधपुर एयरपोर्ट के रनवे की आखिरी बार मरम्मत लगभग 7 साल पहले की गई थी। रनवे री-कारपेटिंग का पहला चरण मूलत: एक मार्च से शुरू होना था, लेकिन यह कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। वायुसेना ने आश्वासन दिया है कि तीसरे और अंतिम चरण का कार्य मई तक पूरा कर लिया जाएगा।

तीन चरणों में होगा निर्माण कार्य :

जानकारी अनुसार रनवे का रिसर्फेसिंग कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में रनवे का लगभग एक-तिहाई हिस्सा बंद किया जाएगा। दूसरे चरण में सबसे महत्वपूर्ण और अधिक प्रभाव डालने वाला होगा, जिसमें रनवे के मध्य भाग पर काम होने के कारण रनवे पूरी तरह बंद रहेगा और सभी सिविल उड़ानें रोकनी होंगी। तीसरे चरण में रनवे के अंतिम हिस्से का काम होगा और आंशिक उड़ान संचालन फिर से शुरू हो सकेगा।

सात शहरों की उड़ानें प्रभावित

वर्तमान में जोधपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरु, पुणे, हैदराबाद, जयपुर और अहमदाबाद के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं और प्रतिदिन करीब 14 उड़ानें (28 आवागमन) होती हैं। नोटम जारी होने के बाद इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 मार्च के बाद की सभी बुकिंग रोक दी हैं। जोधपुर के अलावा आईएएफ संचालित श्रीनगर, पुणे और आदमपुर एयरपोर्ट भी इस वर्ष रनवे मरम्मत और अपग्रेड के कारण प्रभावित होंगे। श्रीनगर एयरपोर्ट पर अक्टूबर 2026 में तीन सप्ताह का पूर्ण बंद प्रस्तावित है, जबकि पुणे एयरपोर्ट पर करीब 8 दिनों की बंदी की योजना है। पुणे के लिए टाइमलाइन अभी तय नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश